Rajgir Update|राजगीर रोपवे में आई खराबी,हवा में लटकी 20 श्रद्धालुओं की जान

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 5, 2026

बिहार के नालंदा जिले के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में उस समय अफरा-तफरी मच गई  जब खराब मौसम के कारण रोपवे अचानक बंद हो गया. इस दौरान करीब 15 से 20 श्रद्धालु और पर्यटक हवा में लटकी ट्रॉलियों में फंस गए. उमस भरी गर्मी और ट्रॉलियों में पर्याप्त हवा नहीं पहुंचने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई. 

नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में उस समय अफरा-तफरी मच गई  जब खराब मौसम के कारण रोपवे अचानक बंद हो गया. इस दौरान करीब 15 से 20 श्रद्धालु और पर्यटक हवा में लटकी ट्रॉलियों में फंस गए. उमस भरी गर्मी और ट्रॉलियों में पर्याप्त हवा नहीं पहुंचने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई. कुछ देर तक पर्यटक काफी घबराए रहे.

सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित नीचे उतारा गया

घटना की जानकारी मिलते ही रोपवे प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. कई स्थानों पर सीढ़ियों की मदद से ट्रॉलियों तक पहुंचकर एक-एक कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित नीचे उतारा गया. करीब एक से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में रेस्क्यू टीम को ट्रॉलियों तक पहुंचकर लोगों को सुरक्षित नीचे लाते हुए देखा जा सकता है.

आकाशीय बिजली गिरने के कारण तकनीकी खराबी

रोपवे मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने के कारण रोपवे में तकनीकी खराबी आ गई थी. उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान बिजली चमकने से कभी-कभी रोपवे की तकनीकी व्यवस्था प्रभावित हो जाती है. हालांकि, सूचना मिलते ही तकनीकी टीम और रेस्क्यू दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.

रोपवे का संचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू

उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के बाद रोपवे की तकनीकी जांच की गई. खराबी को दूर करने के बाद ट्रायल किया गया. परीक्षण सफल रहने पर रोपवे का संचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया. प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.