अनंत सिंह के अरमानों पर बारिश ने फेरा पानी! बेटी की हल्दी रस्म आज, समारोह स्थल बना कीचड़ का मैदान

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 23, 2026

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्म आज से शुरू हो जाएगी और 25 को शुभ मुहूर्त में सात फेरे लेंगी. शादी पिछले करीब 1 महीने से बिहार समेत देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि करीब चार लाख लोग इस शादी में शामिल होंगे, जिसके लिए तैयारी पहले से ही चल रही है. 

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्म आज से शुरू हो जाएगी और 25 को शुभ मुहूर्त में सात फेरे लेंगी. शादी पिछले करीब 1 महीने से बिहार समेत देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि करीब चार लाख लोग इस शादी में शामिल होंगे, जिसके लिए तैयारी पहले से ही चल रही है. बारात और अन्य मेहमानों के लिए करीब 20 बीघा जमीन में पंडाल बनाया गया है जबकि कई ढंग की मिठाईयां भी तैयार की जा रही है. इसके साथ ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने शादी के अवसर पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी रखी है जिसमें प्रथम स्थान पाने वाले घुड़सवार को थार गाड़ी दिए जाने की घोषणा की गई है तो दूसरे स्थान पर आने वाले को एक बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी.

हल्दी की रस्म के साथ ही शिवांगी सिंह की शादी की रस्में आज से शुरू हो जाएंगी. कहा जाता है कि हल्दी शुभता का प्रतीक है. इस अवसर पर महिलाएं मंगल गीत गाती हैं और दूल्हा दुल्हन को हल्दी लगाई जाती है. इसके बाद मंगलवार को मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम होगा जबकि बुधवार 25 नवंबर को उनकी शादी होगी. इससे पहले 20 नवंबर को तिलक समारोह था और उस दिन भी शिवांगी रस्में करती हुई नजर आई थी. तिलक के दिन मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने दामाद को डिफेंडर गाड़ी गिफ्ट में दिया है.

शादी में आने वाले मेहमानों के खान-पान का खास इंतजाम किया जा रहा है. मिठाइयों की तैयारी शुरू हो चुकी है. रसगुल्ले के अलावा गुलाब जामुन, काजू का हलवा, मालपुआ, खाजा, जलेबी और बालूशाही समेत कई तरह की मिठाइयां परोसी जाएंगी. भोजन के मेन्यू में भी देश के अलग-अलग हिस्सों के स्वाद शामिल किए गए हैं. लिट्टी-चोखा, शाही कोफ्ता, कश्मीरी पुलाव, पनीर की कई सब्जियां, इडली, डोसा, चाउमिन, तंदूरी रोटी और नान जैसे व्यंजन तैयार होंगे. कुल मिलाकर करीब 150 तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की जा रही है. इतनी विविधता के बावजूद पूरा भोजन शाकाहारी होगा.

शाही शादी की तैयारियों के बीच चक्रवाती तूफान अकवान ने थोड़ा असमंजस की स्थिति जरूर पैदा कर दी है. बारिश की वजह से तैयारियों पर ब्रेक लग गया. हालांकि अनंत सिंह ने व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं होने की बात कही है लेकिन उन्होंने घुड़दौड़ प्रतियोगिता और आने वाले मेहमानों के हेलीकॉप्टर उतारे जाने को लेकर असमंजस की बात जरूर कही. बताया जा रहा है कि घुड़दौड़ के लिए तैयार किए गए ट्रैक पर बारिश की वजह से कीचड़ हो गया है वहीं हेलीपैड पर स्थिति ठीक नहीं है.

 

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा मौसम ने सारी तैयारियां खराब कर दी है. तीन दिन से ऐसा मौसम हो गया है कि कोई काम नहीं हो पा रहा है. कादो में अब घोड़ा नहीं दौड़ेगा, प्लेन नहीं उतरेगा. उन्होंने कहा कि पता नहीं कहां से तूफान उठा है, इधर दिक्कत कर दिया है. हमारे यहां केवाल मिट्टी है, इसको सूखने में समय लगता है. अभी भी बारिश रुक जाए तो बालू डाल कर काम किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि 25 मेहमान हेलिकॉप्टर से आने वाले थे, लेकिन अब वह उतरना संभव नहीं है.