पटना (PATNA): बिहार के सोनपुर में एक बार फिर आस्था, संस्कृति और परंपरा का संगम देखने को मिलेगा. करीब एक महीने तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आज से आगाज होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे. मेले को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
आस्था और संस्कृति का दिखेगा संगम
सोनपुर मेला अपनी धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक पहचान के लिए देशभर में मशहूर है. हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. इस बार भी मेले को खास बनाने के लिए कई तरह के सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यहां आने वाले लोगों को बिहार की लोककला, पारंपरिक संगीत, शिल्प और समृद्ध संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा.
पर्यटकों के ठहरने के लिए खास इंतजाम
दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में राजवाड़ी टेंट और स्वीस कॉटेज तैयार किए गए हैं. इन जगहों पर पर्यटक ठहरने के साथ मेले के माहौल का आनंद भी ले सकेंगे. इसके अलावा पटना से सोनपुर आने वाले लोगों के लिए एक और दो दिन के टूर पैकेज भी शुरू किए गए हैं.
गाइड और सूचना केंद्र की भी व्यवस्था
मेले में पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गाइड और सूचना केंद्र बनाए गए हैं. इनकी मदद से देश-विदेश से आने वाले लोगों को मेले से जुड़ी जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी. प्रशासन का प्रयास है कि सोनपुर मेले को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए.
