पटना(PATNA): राजधानी पटना में आने वाले समय में खरीदारी और कारोबार के लिए नए ठिकाने तैयार हो सकते हैं. पटना नगर निगम ने शहर में तीन बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कुल 93 एजेंडों पर फैसला लिया गया.
तीन इलाकों में बनेंगे व्यावसायिक परिसर
प्रस्ताव के अनुसार आर्य कुमार रोड, खेतान मार्केट के नजदीक और एएन कॉलेज की पानी टंकी के पास आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना है. इन परियोजनाओं के जरिए शहर में कारोबार के लिए बेहतर और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. आर्य कुमार रोड की परियोजना पर करीब 133 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. खेतान मार्केट के पास प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स की अनुमानित लागत 97 करोड़ रुपये है. वहीं एएन कॉलेज पानी टंकी के पास बनने वाला परिसर तीनों में सबसे बड़ा होगा, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है. इन परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक से वित्तीय सहयोग हासिल करने की दिशा में प्रस्ताव मंजूर किया गया है.
15 स्थानों पर बहुमंजिला वेंडिंग जोन
बड़े व्यावसायिक परिसरों के साथ स्ट्रीट वेंडरों के लिए भी व्यवस्था सुधारने की तैयारी है. नगर निगम के स्वामित्व वाली 15 जगहों पर बहुमंजिला वेंडिंग जोन बनाने की योजना है. इसके लिए म्युनिसिपल बॉन्ड से मिली राशि का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे सड़क और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित स्थान देने में मदद मिल सकती है. नगर निगम की पुरानी और कम इस्तेमाल होने वाली संपत्तियों को भी नया स्वरूप देने की तैयारी है. इसके लिए NBCC के साथ एमओयू करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है. चिन्हित संपत्तियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना बनाई गई है.
पानी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी बेहतर
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 60 योजनाओं को मंजूरी दी गई है. इनमें पाइपलाइन का विस्तार और अधिक क्षमता वाले बोरिंग से संबंधित कार्य शामिल हैं. सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने और नई एजेंसी के चयन की दिशा में भी कदम बढ़ाए जाएंगे. सफाई व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम ने 12 रोबोटिक रोवर मशीनें खरीदने की मंजूरी दी है. इन मशीनों की मदद से मैनहोल और नालों की सफाई में कर्मचारियों को सीधे खतरनाक स्थानों पर उतरने की जरूरत कम होगी.
इसके अलावा मिलर हाई स्कूल परिसर की ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की योजना भी मंजूर हुई है. यहां करीब 3.48 करोड़ रुपये की लागत से कैफेटेरिया विकसित करने का प्रस्ताव है. इन योजनाओं के लागू होने से पटना के बाजारों और नागरिक सुविधाओं की तस्वीर आने वाले वर्षों में काफी बदल सकती है.
