रांची: झारखंड में अगले छह दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में आज से आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने बताया कि कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. वहीं, शनिवार को संताल परगना के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इधर, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है. इससे बारिश के बीच उमस और गर्मी का असर भी महसूस किया जा सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में 9 सितंबर के आसपास एक बार फिर लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है. इसके बनने के बाद झारखंड के मौसम पर इसका असर पड़ सकता है. खासकर राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बन सकती है.
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो मानसून के दौरान पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 53 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है. वहीं देवघर में सामान्य से 33 फीसदी कम, जबकि बोकारो में 9 फीसदी कम बारिश हुई है. राज्य में आने वाले दिनों में बारिश के आंकड़ों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
