बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. तुलसीपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेम संबंध को लेकर हंगामा किया. पति ने पत्नी का मंगलसूत्र तोड़ दिया और उसकी मांग का सिंदूर धोते हुए कहा कि आज से दोनों का रिश्ता खत्म है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के किसी दूसरे युवक के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली थी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी के गले से मंगलसूत्र तोड़ दिया और उसकी मांग का सिंदूर भी धो दिया.
वायरल वीडियो में पति पत्नी से कहता नजर आ रहा है कि “आज से तुम्हारा-मेरा रिश्ता खत्म.” वहीं, पत्नी रोती-बिलखती दिखाई दे रही है. वीडियो में पति उसे अपने साथ न रहने की बात कहते हुए घर से विदा करता नजर आ रहा है.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. घटना को लेकर तुलसीपुर गांव समेत नवगछिया इलाके में चर्चा तेज है.
हालांकि, पत्नी के कथित प्रेम संबंध और घटना के पूरे विवाद को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
