कटिहार (KATIHAR): बिहार के कटिहार जिले में छठ महापर्व के नहाय-खाय के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के पास कटिहार-मनिहारी फोरलेन सड़क पर हुआ. सभी छह लोग कार में सवार होकर छठ पूजा के लिए मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़े बालू लदे ट्रक में कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोस में रहने वाली मंजू रानी शाह के रूप में हुई है. वहीं, कार में सवार एक बच्ची समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में कार का चालक भी शामिल है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
हादसे की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. वहीं, तीनों मृतकों के शव एंबुलेंस से सदर अस्पताल कटिहार भेजे गए. मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. छठ महापर्व के मौके पर हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है.
