चाईबासा(CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक मृत भालू का शव रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है. जैंतगढ़ और छनपदा गांव के बीच NH-75 जैंतगढ़-चाईबासा मुख्य मार्ग के पास एक खेत में भालू मृत अवस्था में मिला था. इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे. लोगों ने भालू की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मामले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए वन विभाग तक पहुंची. इसके बाद विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां भालू का शव नहीं मिला. इसके बाद अधिकारियों ने आसपास के गांवों में पूछताछ और शव की तलाश शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुटे थे. इस दौरान कुछ लोगों पर मृत भालू के बाल नोचने और नाखून निकालने की कोशिश करने का भी आरोप है.
स्कूटी पर लादकर ले गया युवक
स्थानीय किसान सुभाषिनी नायक ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में धान काटने पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने खेत में भालू का शव पड़ा देखा. कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई. लोग तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे. किसान का दावा है कि भीड़ हटने के बाद एक युवक भालू के शव को उठाकर स्कूटी पर लादकर छनपदा की ओर चला गया. हालांकि, युवक की पहचान और शव को ले जाने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस और वन विभाग कर रहे जांच
घटना की जानकारी मिलने पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जैंतगढ़ ओपी प्रभारी एएसआई एसारुल हक और वन विभाग के कर्मचारी साधुचरण बोईपाई भी अपनी टीम के साथ जानकारी जुटा रहे हैं. वन विभाग आसपास के गांवों में पूछताछ कर भालू के शव की तलाश कर रहा है.
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत हो सकती है कार्रवाई
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति ने मृत भालू को अपने कब्जे में रखा है या उसके बाल, नाखून अथवा अन्य अंगों से छेड़छाड़ की है, तो जांच के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि खेत में मृत मिला भालू आखिर कहां गया और उसे कौन ले गया. जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
