बड़ी खबर: पटना में झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का कार में मिला शव, गर्दन में लगी गोली

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 3, 2026

पटना से बड़ी खबर सामने आई है जहां राजीव नगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. बता दें, मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है

 

पटना(PATNA): बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है जहां राजीव नगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. बता दें, मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले बताए जा रहे हैं और फिलहाल रांची में रह रहे थे. इस घटना की स्थानीय लोगों ने पुलिस को देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर से शव बरामद किया.

पुलिस के मुताबिक, मृतक के गर्दन में गोली लगी है. घटनास्थल के पास से एक पिस्टल भी बरामद होने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजीनियर की मौत किन परिस्थितियों में हुई. घटना हत्या है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल से जरूरी नमूने और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस कार और आसपास के इलाके की भी जांच कर रही है. साथ ही मृतक के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि उनकी पटना आने की वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.