पटना (PATNA): पटना के चर्चित बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. यह मुठभेड़ बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई.पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया.पुलिस के अनुसार, बंटी यादव हत्याकांड के बाद से रवीश फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी.गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि रवीश पटना लौट आया है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
रवीश के दाहिने पैर में गोली लगी
बताया गया कि फायरिंग के दौरान एक गोली कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर लगी. हालांकि वाहन में मौजूद थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए.इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवीश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया.पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया.पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और आरोपी की चप्पल बरामद की है. बरामद हथियार को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.
फिल्हाल पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवीश उर्फ बसिया पर पटना के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज है.बंटी यादव हत्याकांड में भी वह मुख्य आरोपी है.फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.
