Rath Mela:रांची में घर से निकलने से पहले जान ले रूट,ट्रैफिक में बड़ा बदलाव   

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 16, 2026

रांची में ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा और रथ मेले को लेकर आज से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है. लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया है. ऐसे में यदि आप इन दिनों रांची में सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें.

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा और रथ मेले को लेकर आज से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है. लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया है. ऐसे में यदि आप इन दिनों रांची में सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें.

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है. बिरसा चौक की ओर से आने वाले लोग अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे. वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है. इसके अलावा तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. रिंग रोड से मेला क्षेत्र या शहर की ओर आने वाले भारी और हल्के वाहनों को तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा, ताकि मेला क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम रहे.

यातायात व्यवस्था के तहत तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा मैदान के मुहाने से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, बाइक और अन्य सवारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. इन मार्गों पर केवल आवश्यक सेवाओं और अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी.

इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

बिरसा चौक से रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं एचईसी और विधानसभा की ओर से रिंग रोड जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि रथयात्रा और मेला शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके.