टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए सत्ता पर कब्जा जमा लिया है. विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत हासिल कर, लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं.
इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा नेताओं में उत्साह का माहौल है. वहीं शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को आयोजित किया जाएगा, जो कि महान कवि रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती का दिन है. उन्होंने कहा कि इस तारीख की घोषणा शीर्ष नेतृत्व की ओर से की जा चुकी है और समारोह को खास बनाने की तैयारी चल रही है. भाजपा की इस जीत के पीछे उच्च मतदान प्रतिशत को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है. राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड स्तर पर मतदाताओं ने हिस्सा लिया. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार जनता ने स्पष्ट रूप से बदलाव के पक्ष में वोट दिया, जिसका फायदा भाजपा को मिला.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार थी. इस चुनाव में उनकी हार ने राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी है. इसके अलावा भाजपा ने असम और पुडुचेरी में भी अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बंगाल की जीत को सबसे अहम माना जा रहा है. यह जीत न केवल राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि पार्टी के लिए एक बड़े विस्तार का संकेत भी देती है. अब सभी की नजर नई सरकार के कामकाज और उसके फैसलों पर टिकी हुई है.

