टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की परेशानियां बढ़ती दिख रही हैं. जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके कथित भड़काऊ भाषण के मामले में बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.
कई धाराओं में की गई है एफआईआर
सूत्रों के अनुसार इस एफआईआर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों का भी उल्लेख है. उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 196 भी लगाई गई है. यह गैर जमानतीय धारा है. इसके अलावे भी कई धाराएं लगाई गई हैं. यह शिकायत किसी राजीव सरकार ने की है. वह सामाजिक कार्यकर्ता बताए जाते हैं.
क्या कहा है शिकायतकर्ता ने
राजीव सरकार का कहना है कि यह मामला सिर्फ अभिषेक बनर्जी का नहीं है, किसी भी नेता द्वारा दूसरे के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि 5 मई को शिकायत लेकर वह थाने गए थे. वहां से उन्हें साइबर क्राइम ब्रांच से संपर्क करने को कहा गया. इसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है. राजीव सरकार का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी ने 27 अप्रैल से 3 मई के बीच कई चुनावी कार्यक्रमों में भड़काऊ टिप्पणियां की है. शिकायत में लिखा गया है कि केंद्रीय गृह मंत्री को भी धमकी देते नजर आ रहे हैं.

