डायन-बिसाही के शक में महिला की गला रेत कर हत्या, चक्रधरपुर में अंधविश्वास ने ली जान

    डायन-बिसाही के शक में महिला की गला रेत कर हत्या, चक्रधरपुर में अंधविश्वास ने ली जान

    चक्रधरपुर(CHAKRADHARPUR): जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के नाम पर एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. सोनुवा थाना क्षेत्र के बुंडूकोचा वनग्राम में महिला को ‘डायन’ बताकर पहले धारदार हथियार से गला रेता गया, फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जंगल की खाई में फेंक दिया गया. घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

    मृतक की पहचान बाईबेड़ा गांव निवासी चांदू पुर्ती के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपियों को शक था कि महिला टोना-टोटका करती थी और उसी की वजह से एक युवक की पत्नी लगातार बीमार रहती थी. इसी अंधविश्वास में आकर आरोपियों ने महिला को मौत के घाट उतार दिया.

    हत्या के बाद आरोपी शव को घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में ले गए और खाई में फेंक दिया. दो दिनों तक किसी को घटना की भनक नहीं लगी. वही जब ग्रामीणों को शक हुआ उसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खाई से शव बरामद किया.

    पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी. इस मामले में पुलिस ने पनसुआं गांव निवासी प्रेमजीत बानरा को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में शामिल तीन अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

    गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी और इलाज के बावजूद ठीक नहीं हो रही थी. इसी वजह से उसे महिला पर ‘डायन’ होने का शक हुआ और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

     



    Related News