पलामू: रेलवे पुल पर हुआ दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर महिला की मौत

    पलामू: रेलवे पुल पर हुआ दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर महिला की मौत

    पलामू (PALAMU): पलामू और लातेहार जिले की सीमा पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में अज्ञात महिला की जान चली गई. घटना केचकी संगम रेलवे पुल के पास की बताई जा रही है, जहां डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

    जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब पांच बजे चियांकी और केचकी स्टेशन के बीच पोल संख्या 272 के समीप हुआ. स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला पिछले एक दिन से इलाके में इधर-उधर भटकती नजर आ रही थी और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी. सुबह वह रेलवे पुल के आसपास मौजूद थी, तभी तेज रफ्तार से गुजर रही पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आ गई.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव पुल के समीप ही बुरी तरह फंस गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सूचना मिलते ही आरपीएफ सब इंस्पेक्टर आर.के. मिंज अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाकर मृतका की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है. रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.



    Related News