जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में मौसम ने लगातार दूसरे दिन करवट ली. गुरुवार शाम भी शहर में झमाझम बारिश हुई. दिनभर आसमान में बादलों और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही. जिससे तापमान तो अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किए रखा. शाम होते ही मौसम अचानक बदला और आसमान में घने काले बादल छा गए. इसके बाद तेज हवाओं के साथ तेज बारिश शुरू हो गई. कई इलाकों में गर्जन और वज्रपात भी हुआ, जिससे कुछ देर के लिए लोग घरों और दुकानों में दुबकने को मजबूर हो गए. बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली. बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली. इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. देर शाम तक शहर में बारिश होती रही.
24 घंट में शहर में 15 एमएम बारिश
पिछले 24 घंटे (बुधवार शाम 5.30 बजे से गुरुवार शाम 5.30 बजे तक) में जमशेदूर में कुल 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं, बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस गिरा. पारा 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वही, न्यूनतम तापमान भी 4.6 डिग्री सेल्सियस गिरा. न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
कल भी बारिश की संभवना
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी शहर समेत पूरे कोल्हान में आंधी - बारिश की संभवना जताई है. इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है. 5 मई तक लगातार बारिश की संभवना जताई गई है. इसके साथ ही अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की भी संभावना है. लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

