जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में विज्ञान महोत्सव, छात्रों की प्रतिभा चमकी

    जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में विज्ञान महोत्सव, छात्रों की प्रतिभा चमकी

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की ओर से गुरुवार  को ‘Science Showdown 2026’ का सफल आयोजन किया गया. इस विज्ञान महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.इस आयोजन में बायोटेक्नोलॉजी, कृषि, प्राणीशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी और फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के तहत पोस्टर प्रेजेंटेशन, साइंस क्विज, मॉडल प्रदर्शन और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. छात्रों ने आधुनिक विज्ञान, तकनीकी विकास और पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़े विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया.

    साइंस क्विज प्रतियोगिता रही प्रमुख आकर्षण
    साइंस क्विज प्रतियोगिता आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही. इसमें प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. छात्रों ने अपनी त्वरित बुद्धि, वैज्ञानिक जानकारी और तार्किक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. वहीं मॉडल और पोस्टर प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के जटिल विषयों को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत कर सभी का ध्यान खींचा. कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    व्यावहारिक चुनौतियों के लिए करते है तैयार
    कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने  कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं. उन्होंने कहा कि विज्ञान नवाचार की आधारशिला है और आज के छात्र ही कल के वैज्ञानिक बनेंगे.
    कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि ‘Science Showdown 2026’ जैसे मंच विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अनुसंधान और खोजी प्रवृत्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया. आयोजन को सफल बनाने में बायोटेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष, शिक्षकों और आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही. छात्रों ने कहा कि ऐसे मंच उन्हें सीखने, सोचने और अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर प्रदान करते हैं.



    Related News