मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच ईरान में फंसे पलामू के तीन छात्र

    मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच ईरान में फंसे पलामू के तीन छात्र

    पलामू (PALAMU): मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. ईरान और इजराइल के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका की बढ़ती टकराव की स्थिति ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा कर दी है. इसी बीच झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद नगर क्षेत्र के तीन छात्र ईरान में फंसे हुए हैं, जिससे उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है.

    जानकारी के अनुसार हुसैनाबाद के सैयद टोली मोहल्ला निवासी सैयद जिशान हुसैन, सैयद सलमान हुसैन और जिशान हुसैन उच्च धार्मिक शिक्षा के लिए ईरान गए हुए थे. वे कुम में रहकर दीनी तालीम हासिल कर रहे थे. हालिया घटनाक्रम के बाद वहां की स्थिति असामान्य हो गई है, जिससे उनके परिजन लगातार संपर्क में रहकर उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. परिवारों ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि बच्चों को सुरक्षित भारत लाने की दिशा में पहल की जाए.

    हुसैनाबाद में निकला कैंडल मार्च
    इधर पलामू के हुसैनाबाद शहर में रविवार रात मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध स्वरूप कैंडल मार्च निकाला. यह मार्च सदर इमामबाड़ा से शुरू होकर मुख्य बाजार, गांधी चौक, आंबेडकर चौक होते हुए जेपी चौक तक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ईरान के सर्वोच्च नेता सैयद अली खामेनई की कथित हत्या की खबरों के विरोध में रोष जताया और इजराइल व अमेरिका के खिलाफ नारे लगाए.

    ‘ईरान की जीत’ का भरोसा जताया
    सभा में वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा हालात के बावजूद ईरान का मनोबल कमजोर नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और उस पर हमले को अनुचित बताया. साथ ही फिलिस्तीन के मुद्दे पर भी आवाज बुलंद की गई.

    कैंडल मार्च में मौलाना सैयद अली सजीर, मौलाना सैयद मुसबी रजा, सैयद तक्की हुसैन, इकबाल हुसैन, शेर अली, फिरोज हुसैन, सब्बीर अहमद, आरजू खान, सैफ हुसैन समेत कई सामाजिक व स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे. हैदरनगर और झरगाढ़ा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

    वर्तमान हालात ने एक ओर जहां विदेश में पढ़ रहे छात्रों के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं स्थानीय स्तर पर भी लोग शांति और सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news