राजधानी में गजराज का तांडव, एक की गई जान, दूसरे की हालत गंभीर

    राजधानी में गजराज का तांडव, एक की गई जान, दूसरे की हालत गंभीर

    रांची (RANCHI): राजधानी के रांची जिले में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. रातू थाना क्षेत्र के चित्तरकोटा इलाके में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई, जबकि दूसरे व्यक्ति का पैर बुरी तरह टूट गया. मृतक की पहचान सुबोध खलखो के रूप में हुई है, वहीं घायल रोशन खलखो का इलाज जारी है.

    जंगल की ओर खदेड़ा गया, फिर लौटा हाथी
    जानकारी के मुताबिक सुबह इलाके में हाथी के घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी. संयुक्त प्रयास से हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर जंगल की दिशा में भेज दिया गया था.

    हालांकि कुछ ही देर बाद हाथी दोबारा रिहायशी इलाके में घुस आया और उत्पात मचाने लगा. इसी दौरान दो ग्रामीण उसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के इलाके में घूम रहा है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है.

    पहले भी मिल चुकी है दस्तक
    गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी रांची के हटिया क्षेत्र में एक जंगली हाथी देखा गया था. वह लंबे समय तक आबादी के बीच घूमता रहा था, जिसके बाद वन विभाग ने उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजा था.

    लगातार रिहायशी इलाकों में हाथियों की आवाजाही ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, समूह में बाहर निकलें और हाथी दिखने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें.



    Related News