गढ़वा(GARHWA): बूढ़ा पहाड़ डेवलपमेंट योजना को लेकर झारखंड सरकार के वित्त मंत्री ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर गंभीर चिंता जताई. मंत्री ने कहा कि अब तक बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में विकास कार्य शून्य प्रतिशत की स्थिति में हैं, जो बेहद चिंताजनक है.
बैठक में अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली गई. वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से भी बातचीत की जाएगी, ताकि क्षेत्रीय समन्वय के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके.
वर्ष 2023 में बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद वहां पहुंचकर इसकी पुष्टि की थी. उस समय यह खबर मीडिया में काफी सुर्खियों में रही थी. इसके बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बूढ़ा पहाड़ का दौरा कर बीपीडीपी (BPDPI) योजना की शुरुआत की थी.
हालांकि, आज वित्त मंत्री के बयान ने एक बार फिर इस योजना की प्रगति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जमीनी स्तर पर सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में वास्तविक विकास दिखाई दे सके.
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


