लौहनगरी में आसमान छू रहे हैं हरी सब्जियों के दाम, बरसात की वजह से कीमतों में लगी आग

    लगातार बारिश के कारण हरी सब्जियों की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है. जमशेदपुर बाजारों में पिछले एक सप्ताह के दौरान सब्जियों के दामों में 5 से 10 रुपए प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है.

    लौहनगरी में आसमान छू रहे हैं हरी सब्जियों के दाम, बरसात की वजह से कीमतों में लगी आग

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): लगातार बारिश के कारण हरी सब्जियों की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है. जमशेदपुर बाजारों में पिछले एक सप्ताह के दौरान सब्जियों के दामों में 5 से 10 रुपए प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है. सब्जियों के बढ़ते दाम का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है. लोगों का बजट बिगड़ने लगा है. व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं. स्थानीय स्तर पर सब्जियों का उत्पादन घट गया है. यही कारण है कि मंडियों में सब्जियों की आवक कम हो गई है. स्थानीय उत्पादन कम होने पर व्यापारियों को बाहर से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं, जिससे परिवहन लागत बढ़ रही है और कीमतें और ऊपर जा रही हैं. आपूर्ति प्रभावित होने से कीमतों में उछाल हुआ है. वहीं, आमलोगों का कहना है कि सब्जियों की बढ़ती कीमत का असर जेब पर पड़ रहा है. सिर्फ टमाटर ही शहर के बाजारों में सस्ता बिक रहा है. टमाटर 3 से 5 रुपए प्रतिकिलो बिक रहा है.

    कल से रुक सकती है बारिश

    जमशेदपुर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में गुरुवार सुबह जमकर बारिश हुई. शहर के अलावा चाकुलिया, घाटशिला, बहरागोड़ा, पटमदा, बोड़ाम में भी सुबह से बारिश हुई. हालांकि 11 बजे के बाद धूप भी खिली. लेकिन मौसम विभाग ने शाम में फिर आंधी बारिश होने की संभावना जताई है. इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम सामान्य होने और आपूर्ति सुधरने तक कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है. मौसम विभाग का कहना है कि 10 अप्रैल से बारिश में कमी आ सकती है. मौसम साफ होगा और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी. गुरुवार सुबह जमशेदपुर शहर में 15 एमएम बारिश रिकार्ड की गई. बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. कई प्रमुख सड़कों और गली मोहल्ले में जल जमाव से लोगों को परेशानी भी हुई. 


    बाजारों में सब्जियों के दाम (प्रति किलो/पीस)
    भिंडी: 40-50 रुपए
    बरबट्टी: 30-40 रुपए 
    पटल: 50-60 रुपए
    मूली: 50-60 रुपए
    कटहल: 40-50 रुपए
    बैंगन: 40-45 रुपए
    खीरा: 30-40 रुपए
    धनिया पत्ती: 200 रुपए
    गाजर: 60-65 रुपए
    पालक: 50-60 रुपए
    लहसुन: 200 रुपए
    अदरख: 120 रुपए
    करेला: 70-80 रुपए
    नेनुआ: 40 रुपए
    टमाटर: 3-5 रुपए
    नींबू: 10 रुपए प्रति पीस

    रिपोर्ट : रोहित सिंह 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news