गुमला (GUMLA): जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुमला और सिसई थाना क्षेत्र में स्पेशल टीम ने एक साथ कई होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी की. बाहर से सामान्य खाने-पीने के ठिकाने नजर आने वाले ये जगह अंदर से नशे के अवैध कारोबार के अड्डे निकले, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया है. इस कार्रवाई में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. तीनों का नाम बलराम साहू, उमेश साहू और कमल सिंह बताया जा रहा है. ये सभी इलाके के चर्चित होटल और ढाबा संचालक हैं और लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में ही कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि यह एक बड़े स्तर पर फैला नशा तस्करी का नेटवर्क है. पुलिस को आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकद पैसे भी मिली है, जिसे अवैध कारोबार की कमाई माना जा रहा है.
इस मामले में सबसे अहम नाम कमल सिंह का है, जो पहले भी नशे के बड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका है. जुलाई 2024 में पंजाब के फाजिल्का जिले में उसे 66 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया था. जेल से हाल ही में बाहर आने के बाद उसने फिर से इस धंधे में कदम रख दिया. पुलिस ने एक कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल इस कारोबार में किया जा रहा था.
वहीं, बलराम साहू का नाम भी पहले अवैध शराब के कारोबार में सामने आ चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मिले सुरागों के आधार पर आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


