जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पुलिस और परिजन जिस युवक को रात भर नदी किनारे खोजते रहे वह बुधवार को होटल में मिला. यह रोचक मामला जमशेदपुर का है. बुधवार को युवक साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा के पास स्थित एक होटल में मिला. होटल मालिक ने फोन कर युवक के होटल में होने की जानकारी घरवालों को दी. फिर घरवाले होटल पहुंचे और युवक को बरामद किया. युवक परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का रहने वाला है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. इधर, युवक के सकुशल बरामदगी के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है. पुलिस उससे यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया.
डोबो पुल पर मिली थी स्कूटी
युवक अविनाश कुमार की स्कूटी और अन्य सामान मंगलवार की देर रात सोनारी थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर मिली थी. इसके बाद पुलिस के अलावा युवक के परिजन भी वहां पहुंचे और अनहोनी की आशंका जताते हुए अविनाश की तलाश शुरू कर दी. रात भर परिजन नदी के किनारे ही जम रहे. परिजनों के अलावा पुलिस भी परेशान रही. इसी बीच अविनाश के साकची स्थित एक होटल में होने की जानकारी परिजनों को मिली.
पत्नी से था विवाद
पुलिस के अनुसार युवक का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है. इसी कारण उसने ऐसा कदम उठाया. अपनी पत्नी को डराने के लिए उसने यह पूरी कहानी रची. स्कूटी को पुल पर छोड़ वह साकची स्थित होटल आ गया था. यहां वह रात भर रहा. मंगलवार की शाम 5 बजे से अविनाश लापता था.
Thenewspost - Jharkhand
4+


