धनबाद(DHANBAD): धनबाद में डिप्टी मेयर को लेकर चल रही उठापटक से अब तो यह साफ हो गया है कि कोई रिसॉर्ट पॉलिटिक्स नहीं होगी, जो भी होगा धनबाद की जमीन पर ही होगा। वैसे सूत्र बता रहे हैं कि अभी डिप्टी मेयर को लेकर खेल बाकी है. यह अलग बात है कि सिंह मेंशन की डायरेक्ट एंट्री से परिस्थिति कुछ बदली जरूर है, लेकिन अभी तक पूरी तरह से काबू में नहीं आई है. 18 मार्च को कौन पार्षद, किसके पक्ष में वोट करेगा, अंदरखाने क्या-क्या तैयारी चल रही है, इसको लेकर सूत्रों का दावा है कि अगर 18 तारीख को सारे इक्वेशन बदल जाएं तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। सूत्र बता रहे हैं कि अगर महिला पार्षद एकजुट हो गई तो परिणाम बदल सकता है. हालांकि निश्चित तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है. शुक्रवार की रात सिंह मेंशन में विजई पार्षद पहुंचे, वहां उन्हें भोज पर आमंत्रित किया गया था.
40 से अधिक पार्षद पहुंचे थे सिंह मेन्शन ,क्या -क्या हुआ
निर्वाचित मेयर संजीव सिंह के साथ पार्षद भोज में शामिल हुए. यह अलग बात है कि संजीव सिंह अभी भी इस मामले में चुपी बनाए हुए हैं. इतना जरूर कह रहे हैं कि धनबाद के विकास के लिए सबको मिलकर काम करना है और उसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। वैसे निकाय चुनाव परिणाम के आने के बाद से ही डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर राजनीति चरम पर है. शुक्रवार को सिंह मेंशन में 40 से अधिक पार्षद पहुंचे थे. बताया जा रहा हैं कि इतनी बड़ी संख्या में पार्षदों का पहुंचना यह बताता है कि डिप्टी मेयर के चुनाव में नया मोड़ आ गया है. सूत्रों पर भरोसा करें तो एक उम्मीदवार के नाम पर चर्चा हुई, हालांकि दूसरा गुट भी पीछे हटने को तैयार नहीं है.
आधी आबादी गुट क्या बनेगा फैक्टर ,क्या चल रही लॉबिंग
महिलाओं का यह गुट अलग ढंग से समर्थन जुटाने की कोशिश में है. तीसरा कोण भी बन रहा है. लेकिन यह कोण अभी साइलेंट है और पर्दे के पीछे से गुणा -भाग बैठा रहा है. दो-तीन दिन पहले महिला पार्षदों ने भी बैठक की थी और महिला पार्षद के समर्थन का दावा किया गया था. यहां बताना जरूरी है कि डिप्टी मेयर बनने के लिए कम से कम 28 पार्षदों का समर्थन जरूरी है. आज 14 तारीख है, 18 तारीख को वोटिंग होनी है. ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ेगी, कई मजबूत हाथ डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर धनबाद में कैंप कर रहे है. डिप्टी मेयर का पद इस बार इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया है कि तमाम विरोधों के बावजूद सिंह मेंशन कोयलांचल की राजनीति के नए केंद्र में एक बार फिर सामने आया है. धनबाद के पांच विधायक और एक सांसद की रणनीति को तोड़ते हुए संजीव सिंह ने मेयर का चुनाव जीता है. ऐसे में पांच विधायक भी चुप बैठ जाएंगे, ऐसा लगता नहीं है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


