रांची(RANCHI): झारखंड विधानसभा का बजट सत्र जारी है और आज सत्र का 14वां दिन है. इस दौरान विधायक रौशन लाल चौधरी ने सदन में राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं व कारोबारियों में फैल रही इसकी लत का मुद्दा उठाया.विधायक ने कहा कि राज्य के कई इलाकों में हीरोइन और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. इसे लेकर उन्होंने सरकार से सवाल किया और इस पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.
विधायक ने सदन में कहा कि हजारीबाग के साथ-साथ रामगढ़ जिले में भी अवैध ड्रग्स का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है. इसका सीधा असर युवाओं पर पड़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पतरातू, बड़कागांव और केरेडारी जैसे इलाकों में नशे के कारोबार के कारण अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है.
सदन में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच झारखंड में NDPS एक्ट के तहत 2396 मामले दर्ज किए गए थे. वहीं 2023 से 2026 के बीच अलग-अलग जिलों में ऐसे मामलों की संख्या में और इजाफा हुआ है. हाल के दिनों में हजारीबाग और आसपास के थाना क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के ड्रग्स की बरामदगी ने यह संकेत दिया है कि राज्य में ड्रग माफियाओं की पकड़ काफी मजबूत हो चुकी है.
इस मुद्दे पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने सरकार से पूछा कि ड्रग माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए क्या कोई विशेष अभियान चलाने की योजना है. साथ ही उन्होंने राज्य में नशे के बढ़ते खतरे को देखते हुए विशेष टास्क फोर्स बनाने और एंटी-नारकोटिक्स अभियान शुरू करने का सुझाव भी दिया.
इस पर जवाब देते हुए मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि राज्य में अवैध नशे के कारोबार को रोकने के लिए सरकार सख्त कदम उठाने जा रही है. उन्होंने बताया कि हर जिले में टास्क फोर्स गठित की जाएगी और ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा.
Thenewspost - Jharkhand
4+


