जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बढ़त के साथ ही जमशेदपुर में जश्न का माहौल देखने को मिला. शहर के विभिन्न इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं. इस जश्न में झालमुड़ी का खासा क्रेज देखने को मिला. यह जश्न का मुख्य आकर्षण बना रहा.
शहर के बारीडीह इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाया. इस दौरान दोनों नेताओं के नेतृत्व में विजय जुलूस भी निकाला गया. जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. पूरे इलाके में देशभक्ति के नारों के साथ उत्साह का माहौल बना रहा. कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी भी की.
इसके अलावा साकची स्थित भाजपा कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक झूमते नजर आए. परसुडीह, बिष्टुपुर, साकची, सोनारी और कदमा समेत शहर के विभिन्न मंडलों में भी जीत की खुशी मनाई गई. कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह बढ़त पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में जनता के विश्वास का प्रतीक है. हालांकि, अंतिम परिणाम का सभी को इंतजार है, लेकिन रुझानों ने ही समर्थकों में उत्साह भर दिया है. पूरे शहर में राजनीतिक हलचल के बीच जश्न का रंग साफ तौर पर देखा जा रहा है.

