जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है. बारीडीह गोलचक्कर के पास परसुडीह के मकदमपुर निवासी पिंकू कर्मकार उर्फ पूसा को 3.71 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया. जब्त गांजा की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है. मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक व्यक्ति गांजा लेकर घूम रहा है और उसे बेचने की फिराक में है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने बारीडीह गोलचक्कर के पास निगरानी शुरू की. इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके बैग से 3.71 किलो गांजा बरामद हुआ.
3 साल जेल में था, बाहर निकलते ही फिर शुरू की तस्करी
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है. वह पिछले तीन वर्षों तक पंजाब के अमृतसर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद था. करीब तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. जेल से छूटते ही उसने फिर से अवैध कारोबार शुरू कर दिया. इसके अलावा वह परसुडीह थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह गांजा कहां से लाता था और उसके साथ इस धंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं.
ओडिशा से हो रही गांजा की तस्करी
पुलिस जांच में सामने आया है कि ओड़िशा के अनुगुल, गंजाम, मलकानगिरी और कोरापुट जैसे जिलों से बड़े पैमाने पर गांजा शहर में लाया जा रहा है. इसके बाद यहां से यह नशा विभिन्न इलाकों में खपाने के साथ-साथ बिहार और पश्चिम बंगाल तक सप्लाई किया जा रहा है. तस्कर गांजा की ढुलाई के लिए अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें ट्रक, निजी कार, पिकअप वैन, ट्रेन और बस प्रमुख रूप से शामिल हैं.
रिपोर्ट-रोहित सिंह
Thenewspost - Jharkhand
4+


