जमशेदपुर : टाटानगर में रेल यात्रियों का अल्टीमेटम, नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा बड़ा प्रदर्शन

    जमशेदपुर : टाटानगर में रेल यात्रियों का अल्टीमेटम, नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा बड़ा प्रदर्शन

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रेल यात्री संघर्ष समिति ने टाटानगर रेलवे स्टेशन में सोमवार को ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया. टाटानगर स्टेशन के बर्मामाइंस छोर पर स्थित गेट के पास यह अभियान आयोजित हुआ. इसमें बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लिया और रेल सेवाओं में सुधार की मांग उठाई. आम यात्रियों ने खुलकर अपनी परेशानी साझा की. यात्रियों ने कहा कि लगातार देरी से चलने वाली ट्रेनों ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और नौकरी पर असर डाल दिया है. अभियान देर शाम तक चला. जिसमें सैंकड़ों लोगों ने ट्रेनों की लटकतीफी के खिलाफ हस्ताक्षर किया. समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि यह आंदोलन अभी सिर्फ शुरुआत है. जब तक ट्रेनें सही समय पर नहीं चलती तबतक यह आंदोलन चलता रहेगा.
    कल मानगो में चलेगा अभियान
    संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि उ 19 मई को मानगो और 24 मई को घाटशिला में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. 24 मई के कार्यक्रम के बाद समिति की बड़ी बैठक होगी, जिसमें आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के घरों के बाहर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. अबतक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी जा रही है और यदि प्रशासन चाहे तो मुकदमा भी कर सकता है, लेकिन यात्री अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे. 

    मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का आरोप
    हस्ताक्षर अभियान में शामिल यात्रियों ने कहा कि रेलवे मालगाड़ियों को प्राथमिकता देता है, जबकि यात्री ट्रेनों को अक्सर लूप लाइन में घंटों खड़ा रखा जाता है. इससे रोज सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. अभियान में ऐसे कई यात्री भी शामिल हुए जो घंटों देरी से पहुंची इस्पात एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचे थे. यात्रियों ने कहा कि ट्रेन की देरी के कारण वे लगातार ऑफिस देर से पहुंचते हैं. नौकरी जाने का डर लगा रहता है. समिति का कहना है कि यदि समय पर ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है. यात्रियों ने भी संकेत दिया कि अब वे अपनी समस्या को लेकर संगठित होकर आवाज उठाने के लिए तैयार हैं. 



    Related News