थानेदार वर्दी की लाज से ना करें खिलवाड़, पुलिस एसोसिएशन ने दिया सख्त आदेश

    थानेदार वर्दी की लाज से ना करें खिलवाड़, पुलिस एसोसिएशन ने दिया सख्त आदेश

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और व्यवहार को लेकर एक गंभीर मुद्दा सामने आया है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राज्य के विभिन्न थानों में तैनात थाना प्रभारियों के आचरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें अपने व्यवहार में सुधार लाने की चेतावनी दी है. एसोसिएशन के संयुक्त सचिव राकेश कुमार पाण्डेय ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है.

    उन्होंने बताया कि लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ थाना प्रभारी अपने अधीनस्थ कर्मियों और यहां तक कि अपने ही बैच के अधिकारियों के साथ भी अनुचित और अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं. कई मामलों में यह भी देखा गया है कि पद मिलने के बाद कुछ अधिकारी खुद को नियमों और संगठन से ऊपर समझने लगते हैं, जो अनुशासन के खिलाफ है. कनीय पदाधिकारियों की समस्याओं को नजरअंदाज करना और उनके साथ भेदभाव करना गंभीर चिंता का विषय है.

    एसोसिएशन ने उन पुलिसकर्मियों पर भी निशाना साधा है जो वरीय अधिकारियों के साथ अपनी नजदीकी का फायदा उठाकर बिचौलिये की भूमिका निभा रहे हैं. आरोप है कि ऐसे लोग अपने ही साथियों के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं, जिससे संगठन की एकता और विश्वास कमजोर हो रहा है. राकेश पाण्डेय ने कहा कि जब ऐसे लोगों के साथ गलत होता है, तब वे एसोसिएशन का सहारा लेते हैं, लेकिन पद पर रहते हुए वे संगठन के सिद्धांतों को भूल जाते हैं.

    एसोसिएशन ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि हर अधिकारी को यह समझना चाहिए कि आज वह प्रभारी है, लेकिन भविष्य में उसे भी किसी के अधीन काम करना पड़ सकता है. इसलिए सहकर्मियों और आम जनता के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करना जरूरी है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई सदस्य शोषण, उत्पीड़न या बिचौलिये की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ ठोस साक्ष्यों के साथ उचित मंच पर कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को एसोसिएशन का संरक्षण नहीं मिलेगा.



    Related News