जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को खड़गपुर से घाटशिला तक रेल मार्ग का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, सिग्नल सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन गतिविधियों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय सहित दक्षिण पूर्व रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. निरीक्षण यात्रा के दौरान अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न चल रही परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. घाटशिला पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया. प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं.
सांसद के साथ हुई बैठक
घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई. बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. बैठक में क्षेत्र की रेल परियोजनाओं, ट्रेनों के संचालन, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. सांसद विद्युत वरण महतो ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन परिसरों में बेहतर व्यवस्था, ट्रेनों की समयबद्धता और नई सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया. उन्होंने लंबित रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की. महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत कई स्टेशनों का तेजी से विकास किया जा रहा है. बैठक के बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित कर रेलवे के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की.

