150 का समोसा अब 20 रुपये में, रांची एयरपोर्ट पर अब सस्ती मिलेगी खाने-पीने की चीजें

    150 का समोसा अब 20 रुपये में, रांची एयरपोर्ट पर अब सस्ती मिलेगी खाने-पीने की चीजें

    रांची(RANCHI): हवाई यात्रा को अक्सर महंगा माना जाता है, खासकर एयरपोर्ट पर खाने-पीने की ऊंची कीमतें यात्रियों की जेब पर भारी पड़ती हैं. लेकिन अब रांची से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, रांची स्थित बिरसा मुंड़ा एयरपोर्ट  पर जल्द ही ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत होने जा रही है, जहां बेहद किफायती दरों पर जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.

    इस पहल का मकसद यात्रियों को सस्ती सेवाएं देना है, ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने के विकल्पों पर निर्भर न रहना पड़े. एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया की इस योजना की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. कैफे के लिए स्थान भी तय कर लिया गया है और जैसे ही एयरपोर्ट अथॉरिटी से अंतिम अनुमति मिलेगी, इसे शुरू कर दिया जाएगा.

    ‘उड़ान यात्री कैफे’ के जरिए यात्रियों को कम कीमत पर चाय, स्नैक्स और पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा. यह पहल खासतौर पर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए लाई गई है, जो अक्सर एयरपोर्ट की महंगी सुविधाओं से परेशान रहते हैं. इस कैफे के शुरू होने से यात्रियों का अनुभव न सिर्फ बेहतर होगा, बल्कि उनका खर्च भी कम होगा.

    दरअसल, इस योजना को देश के कई बड़े एयरपोर्ट्स पर पहले ही लागू किया जा चुका है और वहां इसे काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जम्मू, चंडीगढ़, अमृतसर, वाराणसी, पटना, कोलकाता, अगरतला, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, चेन्नई, कोयंबटूर, पुणे, सूरत और राजकोट जैसे शहरों में इस योजना की शुरुआत की थी.

    इन एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को मात्र 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा और 10 रुपये में पानी की बोतल जैसी सुविधाएं मिल रही हैं. ऐसे में रांची में भी इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत रांची एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे न सिर्फ यात्रियों को सस्ती सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि एयरपोर्ट पर बेहतर सेवा का एक नया विकल्प भी जुड़ जाएगा. आने वाले समय में यह पहल यात्रियों के लिए यात्रा को और अधिक आरामदायक और बजट-फ्रेंडली बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.



    Related News