BREAKING: गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 साल की मासूम की मौत, कई घायल

    BREAKING: गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 साल की मासूम की मौत, कई घायल

    गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. बगोदर थाना क्षेत्र के घघरी के पास कार और सवारी गाड़ी के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए.

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार और यात्रियों से भरी सवारी गाड़ी आमने-सामने टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 50 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी. दुर्घटना के समय गाड़ी में कई लोग सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं.

    इस हादसे में आबिद हुसैन की तीन वर्षीय बेटी महक प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखा गया.

    सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत इलाज के लिए डुमरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है.

    घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया. हालांकि, पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

    रिपोर्ट : दिनेश रजक



    Related News