खरसावां (KHARSAWAN): जिले के खरसावां-सारायकेला मुख्य सड़क स्थित बुरूडीह गांव में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक अनियंत्रित हाईवा ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मारते हुए सीधे एक घर में जा घुसा. हादसे के समय घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और घर का एक हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर लगातार भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आवाजाही होती है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की.
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. प्रशासन ने उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है. फिलहाल, सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
रिपोर्ट : बीरेंद्र मण्डल
Thenewspost - Jharkhand
4+


