झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज! संथाल परगना में सियासत की पिच पर BJP और JMM कर रही है ताबड़तोड़ बैटिंग

    झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज! संथाल परगना में सियासत की पिच पर BJP और JMM कर रही है ताबड़तोड़ बैटिंग

    दुमका(DUMKA):वर्ष 2024 चुनावी वर्ष है. पहले लोकसभा फिर झारखंड विधानसभा का चुनाव होना है. दोनों चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है. 5 राज्यों के विधान सभा चुनाव परिणाम के बाद इसमें और गति आएगी. फिलहाल संथाल परगना प्रमंडल में सियासत की पिच पर जेएमएम और बीजेपी की ताबड़तोड़ बैटिंग देखने को मिल रही है. बीजेपी की ओर से मोर्चा प्रथम सीएम बाबूलाल मरांडी संभाले हुए हैं, तो जेएमएम की तरफ से वर्तमान सीएम हेमंत सोरेन.

    झारखंड की सत्ता का प्रवेश द्वार संथाल परगना प्रमंडल 

     संथाल परगना प्रमंडल को सत्ता का प्रवेश द्वार माना जाता है प्रमंडल में कुल 18 विधानसभा क्षेत्र है. वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव परिणाम को देखें तो वर्तमान में 4 सीट पर बीजेपी, 5 पर कांग्रेस और 9 सीट पर झामुमो का कब्जा है. उसके पूर्व 2014 में बीजेपी 7, झामुमो 6, कांग्रेस 3 और झाविमो का दो सीट पर कब्जा था. वैसे तो सारठ से रणधीर सिंह झाविमो के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गए. इस तरह बीजेपी का 8 और झाविमो का एक सीट पर कब्जा रहा। वहीं लोकसभा की बात करें तो वर्ष 2019 में प्रमंडल के 3 सीट में से 2 पर बीजेपी और एक पर झामुमो का कब्जा है.2014 में राजमहल और दुमका सीट पर झामुमो ने विजय पताका फहराया जबकि बीजेपी को गोड्डा लोक सभा सीट से ही संतोष करना पड़ा था.

    लगातार संथाल का दौरा कर रहे बाबूलाल मरांडी 

    वर्ष 2024 के चुनाव परिणाम को सभी राजनीतिक दल अपने अपने पक्ष में करने को बेताब दिख रहे हैं. संथाल समुदाय के वोट को एकजुट करने के उद्देश्य से प्रदेश बीजेपी की कमान बाबूलाल मरांडी को मिलने के बाद वे लगातार संथाल परगना का दौरा कर रहे है. उन्होंने आदिवासी अधिकार यात्रा की शुरुवात सीएम के विधान सभा क्षेत्र से की. भोगनाडीह में सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबूलाल मरांडी ने साहेबगंज और पाकुड़ में कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार और हमला बोला. हाल ही में सीएम के विधान सभा क्षेत्र में रहस्यमय बीमारी से आधा दर्जन लोगों की मौत से चर्चा में आए, गोड्डा जिला के सुंदर पहाड़ी का भी उन्होंने दौरा किया. अपने दौरे के क्रम में उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन पर तीखा हमला किया.

    आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के सहारे जनता का टटोला नब्ज

    इधर सीएम हेमंत सोरेन का भी पूरा फोकस संथाल परगना प्रमंडल पर है.सीएम हेमंत सोरेन पाकुड़ और साहेबगंज में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होकर आम जनता का नब्ज टटोल कर वापस चले गए.अपने संबोधन में सीएम हेमंत सोरेन बीजेपी और खासकर बाबूलाल मरांडी पर हमलावर दिखे.

    यह भी पढ़ें 

    30 नवंबर को रांची आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कार्यक्रम के बारे में जानिए

    राज्य सरकार की नाकामी और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बता रही बीजेपी

    राजनीति में आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है.जैसे जैसे चुनाव नजदीक आएगा इसमें और तेजी आएगी. बीजेपी और झामुमो जनता को रिझाने में लगी है. एक तरफ जहां बीजेपी राज्य सरकार की नाकामी और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रख रही है, वहीं झामुमो अपने 4 वर्षो की उपलब्धि के साथ केंद्र सरकार पर सौतेला व्यवहार के आरोप के साथ जनता के बीच जा रही है. जनता किसके गले में विजयश्री का माला पहनाती है, अभी इसके लिए इंतजार करना होगा.

    रिपोर्ट-पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news