दुमका(DUMKA): अपने प्रेमी के साथ घर से भागी दुमका जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र की एक 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने मुंबई के ठाणे से बरामद कर लिया है. दोनों ने शादी कर ली थी और वहां पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे. पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. शनिवार को रामगढ़ पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया. किशोरी हाथों में चुड़ियां और मांग में सिंदुर लगाये हुए समिति समक्ष प्रस्तुत हुई. किशोरी को लेकर आए पुलिस पदाधिकारी के वर्दी में होने पर समिति ने कड़ा ऐतराज जताया और चेतावनी दी कि इस तरह की गलती नहीं दोहरायी जानी चाहिए.
वहीं, चेयरपर्सन अमरेन्द्र कुमार, सदस्य रंजन कुमार सिन्हा और डॉ राज कुमार उपाध्याय की बेंच ने इस मामले की सुनवाई की और किशोरी और उसकी मां का बयान दर्ज किया. दोनों के बयानों से पता चला कि प्रेम प्रसंग का यह मामला पिछले दो सालों से चल रहा था और किशोरी एक बार पहले भी अपने इसी प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी पर पुलिस ने तब उसे सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत करने के बजाय थाना में ही समझौता करवा कर परिजनों के साथ घर भेज दिया था. जिस कारण नौबत यहां तक बढ़ गई कि यह मामला रनअवे, अपहरण, चाइल्ड मैरिज और पोक्सो एक्ट तक पहुंच गया.
बता दें कि इंटर में पढ़ने वाली किशोरी ने अपने बयान में बताया कि उसके पिता बैंगलोर में काम करते हैं और साल-दो साल में घर आते हैं जबकि उसकी मां किराना दुकान चलाती है. 20 वर्षीय इस युवक से दो वर्ष पूर्व उसकी दोस्ती हुई थी. दोनों प्रत्येक सप्ताह मिला करते थे, बाद में दोनों ने शादी कर ली. 21 नवम्बर को दोनों बाइक से भागलपुर गए जहां से उसके प्रेमी का दोस्त बाइक लेकर वापस लौट गया. दोनों ने बरारी गंगा घाट में स्नान किया और फिर मुंबई के ठाणे चले गये जहां प्रेमी का मामा रहता है.
वहीं, दोनों पति-पत्नी के तौर पर रह रहे थे जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया है. बालिका ने अपनी मां के साथ घर जाने से इनकार किया. समिति ने पाया कि किशोरी को गहन काउनसेलिंग की जरूरत है, ऐसे स्थिति में समिति ने अगले आदेश तक किशोरी को बालिका गृह में आवासित करने का आदेश जारी करते हुए उसे धधकिया स्थित बालगृह में भेज दिया.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
Thenewspost - Jharkhand
4+

