शादी से इनकार पर पंचायत का तालिबानी फरमान, पहले युवती को लाठी डंडे से पीटा फिर बाल मुड़वा कर जंगल में छोड़ा

    शादी से इनकार पर पंचायत का तालिबानी फरमान, पहले युवती को लाठी डंडे से पीटा फिर बाल मुड़वा कर जंगल में छोड़ा

    पलामू(PALAMU): शादी से इनकार करने पर एक युवती को जमकर प्रताड़ित किया गया और जलील करते हुए उसके सिर के बाल मुड़कर, चूना का टीका लगाकर जूते-चप्पल का माला पहनाकर गांव में घुमाया गया और फिर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया. पूरी रात युवती जंगल में रोती बिलख्ती रही. सूचना मिलने पर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और जंगल से युवती को गंभीर हालत में बरामद किया. युवती को बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच मेदिनीनगर में भर्ती किया गया है.

    यह मामला पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के जोगियाही पंचायत क्षेत्र का है. इस क्षेत्र की एक 25 वर्षीय युवती की शादी गत 19 अप्रैल को होनी थी, लेकिन दरवाजे पर आई बारात के बीच युवती घर से गायब हो गई थी. बारात को वापस लौटना पड़ा था. परिजन समेत गांव वाले इससे काफी गुस्से में थे. इसी बीच युवती ने अपनी भाभी को फोनकर बताया कि वह छतरपुर इलाके में रह रही है. सूचना के तुरंत बाद परिजन छतरपुर पहुंचे और युवती को घर ले आए. दो दिन पहले युवती को घर लाया गया.

    एमआरएमसीएच में इलाज के दौरान युवती ने जानकारी दी कि उसके घर आने के बाद पंचायत हुई. पंचायत में डेढ़ सौ से अधिक लोग जमा थे. यहां भरी पंचायत उसे प्रताड़ित किया गया. लाठी से पिटाई की गई और जलील करते हुए उसके बाल काट दिए गए. माथे पर चूना का टीका लगा दिया गया और जूते का माला पहनाकर उसकी पिटाई करते हुए गांव से सटे छेछानी जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया. पूरी रात जंगल में डरी सहमी और पिटाई के दर्द से रोती बिलखती पेड़ के नीचे बिताई. दोपहर में पाटन पुलिस वहां पहुंची और उसे वहां से बेसुध अवस्था में अपने साथ ले गई और इलाज कराया.

    युवती ने बताया कि उसे शादी करने की इच्छा नहीं थी. बावजूद उसके घर वाले शादी कर रहे थे. इसी कारण वह घर से निकल गई थी. पंचायत के दौरान सतेन्द्र उरांव, बलेश्वर उरांव, पच्चू राम ने उसकी पिटाई की, जबकि उसकी चचेरी भाभी गीता देवी ने पंचायत के आदेश पर बाल काटे. पंचायत के दौरान कहा गया कि उसने शादी नहीं कर परिवार के साथ साथ पूरे गांव की इज्जत ले ली है. ऐसे में उसका इस गांव में रहना उचित नहीं है. कुछ लोग उसकी हत्या कर देने की बात कह रहे थे. अंततः उसे मारते पीटते हुए गांव से बाहर कर दिया गया.

    अनाथ है युवती, बड़ी बहन कराना चाहती थी शादी

    पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत 8 साल पहले ही हो चुकी है. उसके भाई को टीबी की बीमारी है. उसकी बड़ी बहन उसकी शादी करवाना चाहती थी. दो दिन पहले जब घर लौटी उसके चचेरे भाई की अगुवाई में पंचायत बुलाई गई और तुगलुकी फरमान सुनाया गया. युवती के साथ पाटन थाना से आई महिला आरक्षी ने बताया कि पुलिस की देखरेख में पीड़िता का इलाज चल रहा है. पुलिस टीम अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है. जानकारी मिली है कि पुलिस पंचायती में शामिल पूर्व पंचायत समिति सदस्य पच्चू राम, वार्ड सदस्य बालेश्वर उरांव एवं कन्हाई उरांव को पूछताछ के लिए थाना ले गई है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news