साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के बड़ा बरमसिया गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.सदर एसडी पीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अपहरण के बाद लापता हुए चमड़ी मरांडी की हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया गया था.मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे
जानकारी के अनुसार 21 मई को मृतक की पत्नी संजी हेंब्रम ने बोरियो थाना में लिखित शिकायत देकर बताया था कि गांव के कुछ लोग 12 मई को उसके पति चमड़ी मरांडी को शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे.इसके बाद से वह लापता थे.शिकायत के आधार पर बोरियो थाना में कांड संख्या 42/ 26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की.
मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक बोरियो प्रभाग के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.जांच के दौरान पुलिस ने गांव के बाबुजी मरांडी और मंगल टुडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की.पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चमड़ी मरांडी को शराब पिलाकर बरमसिया स्थित मेरल फुट जंगल में ले जाकर गला दबा कर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया.दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से मृतक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया.शव की पहचान मृतक के कपड़ों के आधार पर परिजनों द्वारा की गई. पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबुजी मरांडी और मंगल टुडू के रूप में हुई है.दोनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि पूरे अभियान में बोरियो थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की सक्रिय भूमिका रही.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर

