चतरा(CHATRA): जिले के कोयलांचल क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों और कोल कंपनियों से लेवी वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान को बड़ी सफलता मिली है. टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो कोल कंपनियों को धमकाने, लेवी मांगने और आगजनी जैसी घटनाओं में शामिल था.
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आम्रपाली परियोजना में खनन और परिवहन कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को लगातार जेजेएमपी और प्रतिबंधित टीएसपीसी (TSPC) संगठन के नाम पर धमकी भरे फोन कॉल्स मिल रहे थे. इन कॉल्स में लेवी की मांग की जा रही थी और भुगतान न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही थी.
24 जनवरी की रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था. उस रात एनसीसी कंपनी की एक वोल्वो ट्रक, जो कोयला ढुलाई कार्य में लगी थी, उसे पांच अज्ञात अपराधियों ने रोक लिया. अपराधियों ने चालक और सुपरवाइजर के साथ मारपीट की और वाहन के अगले हिस्से पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था.
घटनास्थल से जेजेएमपी संगठन के नाम का एक पर्चा भी बरामद हुआ था, जिसमें “शिव जी” के नाम से धमकी दी गई थी कि अगर लेवी नहीं दी गई तो और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. इस घटना के अगले ही दिन कंपनी प्रबंधन को फिर से फोन कर लेवी की मांग की गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए. सूचना मिली कि इस घटना में शामिल जेजेएमपी का सक्रिय सदस्य रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार अपने गांव में छिपा हुआ है. इसके बाद टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ गीर गांव में छापेमारी कर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया.
डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिले में उग्रवाद, लेवी वसूली और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि जो युवा गलत रास्ते पर चले गए हैं, उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया जाना चाहिए, क्योंकि अपराध का रास्ता अंततः विनाश की ओर ले जाता है. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह सहित रिजर्व गार्ड और सशस्त्र बल के जवानों ने अहम भूमिका निभाई.

