हजारीबाग: चरही में सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां, गांव में पसरा मातम

    हजारीबाग: चरही में सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां, गांव में पसरा मातम

    TNP DESK: झारखंड  के बरसोल थाना क्षेत्र स्थित भूतिया पंचायत के चंद्रपुर गांव में उस व्यक्त मातम छा गया, जब हजारीबाग के पास चरही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के दो युवकों की जान चली गई. घटना के बाद पूरे इलाके मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

    मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर गांव निवासी सोना राम सोरेन (30) और रविंद्र नाथ मांडी (22) पिकअप वैन से घाटशिला से कच्चा आम लेकर बिहार की ओर जा रहे थे. शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे चरही ओवरब्रिज के पास एनएच-33 पर उनकी गाड़ी एक अज्ञात वाहन से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

    हादसे में चालक सोना राम सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक रविंद्र नाथ मांडी गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रांची सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी भी मौत हो गई.

    चरही पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. ग्रामीणों ने बताया कि सोना राम सोरेन के पीछे दो साल का बेटा है, जबकि रविंद्र नाथ मांडी की छह माह की मासूम बेटी है. इस हादसे ने दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया.

    ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवक मजदूरी और ड्राइविंग कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनके माता-पिता भी बुजुर्ग हैं. ऐसे में परिवार के सामने अब आर्थिक संकट गहरा गया है. गांव के लोगों ने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है.

     



    Related News