धनबाद में नगर की सरकार: निगम चुनाव में आज लगा जबर्जस्त तड़का,सांसद की पत्नी का परचा चर्चे में

    धनबाद में नगर की सरकार:  निगम चुनाव में आज लगा जबर्जस्त तड़का,सांसद की पत्नी का परचा चर्चे में

    धनबाद(DHANBAD):  धनबाद में नगर निगम का चुनाव दिलचस्प दौर   में पहुंच रहा है.  कांग्रेस की ओर से शमशेर आलम ने आज नामांकन किया तो सांसद ढुल्लू महतो की पत्नी सावित्री देवी की ओर से आज मेयर पद के लिए नामांकन पत्र खरीदा गया.  बताया जाता है कि 4 फरवरी को वह नामांकन करेंगी।  इधर, झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के बारे में भी कहा जा रहा है कि 4 फरवरी को वह नामांकन करेंगे।  इसके पहले प्रथम मेयर इंदु देवी नामांकन कर चुकी हैं.  भाजपा से जुड़े  पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल भी नामांकन कर चुके हैं और भी लोग नामांकन कर सकते हैं.  अभी तक भाजपा पार्टी की ओर से उम्मीदवार के समर्थन की घोषणा नहीं की गई है.  

    सिर्फ धनबाद में ही नहीं, सूत्र बताते हैं कि झारखंड के 48 निकाय में भी घोषणा नहीं की गई है.  धनबाद में जिस तरह से उम्मीदवारों की संख्या बढ़  रही है ,उसके हिसाब से कहा जा सकता है कि यहां चुनाव दिलचस्प होगा और भाजपा सहित अन्य दलों के समर्थकों में भितरघात  का खतरा भी हो सकता है. जानकारी के अनुसार सोमवार को नगर निकाय चुनाव में महापौर के पद के लिए  11 प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता  विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी  बाल किशोर महतो तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी  विशाल कुमार पांडेय के समक्ष नामांकन दाखिल किया।  
    महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में श्रीमती लक्ष्मी देवी,  रवि चौधरी,  कृष्ण चंद्र सिंह राज,  शमशेर आलम अंसारी,  दिलीप कुमार,  विनोद कुमार सिंह, डॉ नीलम मिश्रा, डॉ सुशील कुमार,  प्रकाश कुमार, मोहम्मद जावेद इकबाल एवं  रवि बुंदेला शामिल हैं.

    इधर ,सोमवार को महापौर पद के लिए 8 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, वहीं वार्ड 1 से वार्ड 55 तक के लिए 93 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई.  सोमवार को वार्ड 1 से 5 तक के लिए 7, वार्ड 6 से 10 के 14, वार्ड 11 से 15 के 6, वार्ड 16 से 20 के 5, वार्ड 21 से 25 के 4, वार्ड 26 से 30 के 7, वार्ड 31 से 35 के 11, वार्ड 36 से 40 के 12, वार्ड 41 से 45 के 10, वार्ड 46 से 50 के 8 तथा वार्ड 51 से 55 के लिए 9 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई. महापौर के पद के लिए सोमवार तक कुल 44 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई.  

    जबकि वार्ड पार्षद के पद के लिए 555 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, इसमें वार्ड 1 से 5 तक के 63, वार्ड 6 से 10 के 70, वार्ड 11 से 15 के 42, वार्ड 16 से 20 के 37, वार्ड 21 से 25 के 46, वार्ड 26 से 30 के 61, वार्ड 31 से 35 के 44, वार्ड 36 से 40 के 35, वार्ड 41 से 45 के 35, वार्ड 46 से 50 के 50 तथा वार्ड 51 से 55 के लिए 72 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई. नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशी 4 फरवरी 2026 तक सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।  5 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 तक नामांकन पत्रों की जांच  की जाएगी।  6 फरवरी को नाम वापस लेने की तिथि निर्धारित है.  7 फरवरी को प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रतीक आवंटित किया जाएगा, वहीं 23 फरवरी को सुबह 7:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक मतदान होगा तथा 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से मतों की गिनती की जाएगी। 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News