धनबाद में व्यवसायी ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी ने शव को छूने से किया इंकार

    धनबाद में व्यवसायी ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी ने शव को छूने से किया इंकार

    धनबाद (DHANBAD): जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रिनिटी गार्डन अपार्टमेंट (ब्लॉक-ए, डी-3) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 57 वर्षीय एक व्यवसायी ने अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया.

    मृतक की पहचान फाल्गुनी मुखर्जी के रूप में हुई है, जो हीरापुर पार्क मार्केट स्थित विवेकानंद चौक के पास बैग की दुकान चलाते थे. परिजनों के अनुसार, फाल्गुनी मुखर्जी रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर लौटे थे. भोजन करने के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए.

    सुबह नहीं खुला दरवाजा, बढ़ा शक
    परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद संदेह होने पर चाबी से दरवाजा खोला गया. दरवाजा खुलते ही परिजनों के होश उड़ गए, जब फाल्गुनी मुखर्जी का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला.

    कर्ज और पारिवारिक तनाव की चर्चा
    परिजनों के मुताबिक, मृतक कर्ज के बोझ से परेशान थे. बैंक की ओर से नोटिस और लगातार फोन आने की बात भी सामने आई है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसको लेकर दोनों ने कई बार एक-दूसरे के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी.

    पत्नी ने शव देखने से भी किया इंकार
    जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी धनबाद पब्लिक स्कूल की हीरक ब्रांच में शिक्षिका हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद पत्नी ने न तो शव को हाथ लगाया और न ही उसे देखने गईं. दंपती की एक बेटी है, जो फिलहाल घर से बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है.

    जांच में जुटी पुलिस
    पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और फांसी में इस्तेमाल की गई रस्सी को जब्त कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है. घटना के बाद से अपार्टमेंट में मातम पसरा हुआ है और मौके पर पहुंचे रिश्तेदार व परिचित सहमे हुए नजर आए.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news