जमशेदपुर में अधेड़ की संदिग्ध मौत, लू लगने की आशंका

    जमशेदपुर में अधेड़ की संदिग्ध मौत, लू लगने की आशंका

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौत का सिलसिला जारी है. रविवार की दोपहर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. लू लगने से उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है. कोल्ड स्टोरेज के समीप सड़क किनारे व्यक्ति अचानक गिर पड़ा. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने शव को पोस्टमेटम के लिए भेज दिया है. मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू पगला के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार बिष्टुपुर और आसपास के इलाकों में कूड़ा चुनकर अपना जीवनयापन करता था. बताया जाता है कि रविवार दोपहर भीषण गर्मी के बीच वह इलाके में घूम रहा था. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क किनारे गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभालने और उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक गर्मी और लू लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि संतोष को अक्सर बिष्टुपुर बाजार, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास देखा जाता था. वह वर्षों से कूड़ा बीनने का काम कर अपना गुजर-बसर कर रहा था. हालांकि उसके परिवार और स्थायी पते के बारे में स्पष्ट जानकारी किसी के पास नहीं है. पुलिस उसके परिजनों का पता लग रही है. जानकारी हो कि शहर में इनदिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. इस दौरान लू लगने से मौत का सिलसिला भी जारी है. 21 मई से अबतक शहर और इसके आसपास के इलाकों में 6 व्यक्तियों की लू लगने से मौत हुई है. इसमें एक महिला भी शामिल है.

     



    Related News