पलामू(PALAMU): हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पूरे मामले की जानकारी देते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि 22 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि जपला से हैदरनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक युवक लाल रंग की मोटरसाइकिल से हथियार लेकर गुजरने वाला है.
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और नगर पंचायत कार्यालय के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. जांच के दौरान जपला की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक पर पुलिस की नजर पड़ी. पुलिस बल को देखते ही बाइक सवार ने करीब 50 मीटर पहले ही वाहन रोक दिया और वहां से भागने का प्रयास करने लगा. उसकी हरकतों से संदेह होने पर मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
पकड़े गए किशोर की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से अवैध हथियार के साथ-साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है. इस मामले में हुसैनाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे बाल सुधार गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है. इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई, टीम में सब-इंस्पेक्टर कमल किशोर पांडेय, मुकेश कुमार सिंह, रमण यादव, हवलदार कार्तिक प्रसाद मेहता और आरक्षी विकास राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


