धनबाद के पलानी में उत्पाद विभाग की बड़ी छापेमारी, नकली अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार


धनबाद(DHANBAD):धनबाद जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया. यह कार्रवाई जिला पुलिस बल के सहयोग से बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पलानी गांव में की गई.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पलानी स्थित शिवचरण महतो के घर में अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसका कारोबार किया जा रहा है.सूचना के सत्यापन के बाद सुबह करीब 6 बजे उत्पाद सिपाहियों की टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी.बताया जा रहा है कि छापेमारी की भनक लगते ही संबंधित लोगों द्वारा शराब को हटाने का प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अपेक्षित मात्रा में शराब नहीं मिल सकी. इसके बावजूद तलाशी के दौरान टीम ने घर से करीब 18 से 25 लीटर नकली अंग्रेजी शराब बरामद की.
पढ़े उत्पाद अधिकारी जॉय हेंब्रम ने क्या बताया
इस संबंध में उत्पाद अधिकारी जॉय हेंब्रम ने बताया कि बरामद नकली अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत 20 से 25 हजार रुपये के बीच आंकी गई है. उन्होंने बताया कि मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है.पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अवैध शराब का कारोबार स राजस्व को नुकसान
उत्पाद अधिकारी ने कहा कि जिले में नकली और अवैध शराब का कारोबार न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है. इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
4+