जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ पोस्ट टाटा और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी गई है. रेलवे सुरक्षा बल को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. सूचना के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखनी शुरू की. इसी दौरान दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए. जवानों ने जब दोनों को रोककर पूछताछ की तो वे सही जवाब नहीं दे सके. संदेह होने पर टीम ने दोनों के बैग की तलाशी ली है. जांच के दौरान बैग से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ. इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार रेलवे मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन नारकोस चलाया जा रहा है. अभियान के तहत स्टेशन और ट्रेनों में नियमित जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटा को सौंप दिया गया है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी हो कि इससे पहले भी टाटानगर रेलवे स्टेशन से तैयार होती है गांजा के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से लाया जाता है. फिर इसे बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किया जाता है.

