रांची (RANCHI): झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग बेहर और उनकी टीम ने मुलाकात की. इस दौरान राज्य में चल रही कई बड़ी परियोजनाओं और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
आज रांची में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीईओ श्री अनुराग बेहर जी और उनके साथियों से मुलाकात हुई तथा रांची में बन रहा अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, 1000 बेड का मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, स्कूल की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 28, 2026
साथ ही राज्य में साझा सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के… pic.twitter.com/Y4MViK9Hwv
बैठक में रांची में निर्माणाधीन अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, 1000 बेड वाले मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और स्कूल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री और फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के बीच इन संस्थानों के जरिए राज्य में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श हुआ. बताया गया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल आधुनिक संस्थान तैयार करना नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं और जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है. खासकर ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के छात्रों एवं मरीजों को इन योजनाओं से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
बैठक के दौरान राज्य सरकार और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई. माना जा रहा है कि आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी. साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर अवसरों के रास्ते भी खुलेंगे.

