गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले से पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने नगर उंटारी महिला थाना में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है. युवती का आरोप है कि आरोपी युवक ने अपना नाम और पहचान छिपाकर उसे धोखे में रखा और बाद में मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया.
पीड़िता के मुताबिक करीब छह महीने पहले वह काम के सिलसिले में हैदराबाद में रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात गढ़वा जिले के कुष्डदंड गांव निवासी इनायत अंसारी से हुई. युवती का आरोप है कि युवक ने खुद को “सोनू” नाम का हिंदू और अविवाहित युवक बताकर उससे दोस्ती बढ़ाई. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया और जनवरी 2026 में युवक शादी का भरोसा देकर उसे अपने गांव ले आया.
युवती ने बताया कि गांव पहुंचने के बाद उसे असलियत का पता चला. जिस युवक को वह सोनू समझ रही थी, उसका असली नाम इनायत अंसारी निकला. इतना ही नहीं, वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है. सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने विरोध किया, लेकिन आरोप है कि उस पर खान-पान और रहन-सहन बदलने का दबाव बनाया जाने लगा. पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और लगातार मानसिक प्रताड़ना दी गई. उसने युवक के पिता जहरूदीन अंसारी, मां मैरून बीबी और अन्य परिजनों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
जानकारी के अनुसार, इस मामले में पहले भी पुलिस तक शिकायत पहुंची थी. उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर युवती को वापस भेज दिया गया था, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ. प्रताड़ना जारी रहने के बाद युवती ने दोबारा महिला थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की. नगर उंटारी महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

