साहिबगंज(SAHIBGUNG) : जिले के तालबन्ना दुर्गा मंदिर के समीप स्थित इंडियन गैस गोदाम के बाहर इन दिनों भारी अव्यवस्था और गैस की किल्लत देखने को मिल रही है. सैकड़ों की संख्या में लोग कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें अब तक गैस नहीं मिल पा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि “आज गाड़ी आएगी, कल गाड़ी आएगी” लेकिन गैस की गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती. इसी उम्मीद में लोग सुबह 5:00 बजे से ही लाइन में खड़े हो जाते हैं और दोपहर शाम चार बजे तक कतार में इंतजार करते रहते हैं.
खाली सिलेंडर लेकर लौटना पड़ रहा है घर
बावजूद इसके उन्हें खाली सिलेंडर लेकर ही घर लौटना पड़ता है. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले 6-7 दिनों से लगातार गोदाम का चक्कर लगा रहे हैं. मोहन कुमार, संजना देवी, विनोद कुमार, कमलेश यादव, पूनम कुमारी, मोहम्मद अब्दुल गफ्फार, फारूक, अजर, विनोद कुमार गुप्ता, संजय कुमार समेत सैकड़ों लोग गैस की समस्या से जूझ रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता को इस परेशानी से जल्द राहत मिल सके.
रिपोर्ट - गोविंद ठाकुर
Thenewspost - Jharkhand
4+


