महुआ शराब बनाने का अड्डा ध्वस्त, सरायकेला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान

    महुआ शराब बनाने का अड्डा ध्वस्त, सरायकेला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान

    सरायकेला (SARAIKELA) : जिले के खरसावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुरूगोडा गांव के समीप सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र के तराई इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की.

    200 किलो अवैध जावा महुआ बरामद, भट्ठी नष्ट

    इस दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संचालित अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया. छापेमारी के दौरान मौके से करीब 200 किलो अवैध जावा महुआ बरामद कर उसे नष्ट किया गया. साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों और भट्टी को भी पूरी तरह से विनष्ट कर दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

    अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफअभियान

    थाना प्रभारी श्री कुमार ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्होने कहा कि नशा समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा है और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं पर पड़ता है. नशापान के कारण महिलाओं को घरेलू कलह और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार का नशा शरीर और समाज दोनों के लिए घातक है.

    नशा की चपेट में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं

    आज के समय में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी नशा की चपेट में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं. इससे बचने के लिए इस अभियान में सबका सहयोग जरूरी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की.

    रिपोर्ट - विरेन्द्र मंडल 



    Related News