झारखंड सरकार धनबाद के द्वार आकर देखे कि आपके अस्पतालों का  हाल क्या है 

    झारखंड सरकार धनबाद के द्वार आकर देखे कि आपके अस्पतालों का  हाल क्या है 

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद हमेशा से स्वास्थ्य और चिकित्सा की समस्याओं से जूझता  रहा है.  मुख्यमंत्री चाहे बाबूलाल मरांडी हो, चाहे अर्जुन मुंडा और चाहे हेमंत सोरेन.धनबाद की स्थिति हमेशा परेशान करने वाली रही. स्वास्थ्य मंत्री चाहे जो भी रहे हो लेकिन झारखंड गठन के बाद धनबाद को जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में लाभ मिलना चाहिए, वह नहीं मिला. अलबत्ता लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट अस्पताल को बंद कर दिया गया. एक बार यह देखने की भी कोशिश नहीं की गई कि जिसने भी इसे तैयार कराया होगा, वह कितना दूरदर्शी रहा होगा. अपने समय का यह अस्पताल ख्याति अर्जित किए हुए था.  लेकिन एक झटके में इसमें ताला लटका दिया गया. झारखंड गठन के बाद पहली सरकार का जब गठन हुआ तो धनबाद और आसपास के 5 ताकतवर मंत्री थे.  लेकिन कोई  उल्लेखनीय कार्य नहीं हुए.  नगर विकास विभाग बच्चा बाबू के पास था, फिर भी लोगों की उम्मीदें पूरी नहीं हुई. 

    भला हो ,राजेंद्र बाबू का ,जिन्होंने सदर अस्पताल खुलवा दिया 

     धनबाद के सरायढेला में जो बीसीसीएल का केंद्रीय अस्पताल है , वह भी धीरे-धीरे कमजोर होता गया.  वहां भुगतान पर बाहरी लोगों की चिकित्सा की व्यवस्था थी.  उस समय तक तो धनबाद को सदर अस्पताल तक नहीं था. हां ,पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज अस्पताल जरूर चल रहा था.  धनबाद में सदर अस्पताल की शुरुआत का श्रेय कांग्रेस के नेता अब स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह को  जाता है, जब वह झारखंड के  स्वास्थ्य मंत्री बने तो धनबाद में सदर अस्पताल शुरू हुआ. अभी झारखंड में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता है. धनबाद के प्रभारी मंत्री भी है.  धनबाद में स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए धनबाद जिला कांग्रेस व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रभात सुरोलिया बन्ना गुप्ता से मिले है.  मिलकर उन्होंने समस्याएं गिनाई और बताई है.  ज्ञापन देकर मांग की  है कि सदर अस्पताल, धनबाद में मरीजों की जांच के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं है, यहां अगर जांच मशीनें लगा दी जाए, तो मरीजों को काफी सहूलियत होगी.  ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि मरीजों की सारी जांच अस्पताल परिसर में ही सरकारी व्यवस्था के तहत हो जाये.  इसे धनबाद के लोगों का बहुत भला होगा. 
     
    धनबाद के SNMMCH को भी चाहिए मदद 
     
    धनबाद SNMMCH की भी स्थिति में सुधार की जरूरत है. प्रभास पुरुलिया में श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट अस्पताल की बातें भी उठाई है.  धनबाद के लोग निश्चित रूप से इसका स्वागत करेंगे.  बरसों से अस्पताल बंद है, अस्पताल का अपना भवन था, सारी व्यवस्थाएं थी, डॉक्टर और नर्स के रहने की व्यवस्था बनी थी. भवन आज भी है, थोड़ी मरम्मत की जरूरत है.  इस अस्पताल को सरकार चालू करा दे तो धनबाद के एक बड़े हिस्से को लाभ होगा. विशेषकर धनबाद के साउथ  साइड के लोगों -जैसे केंदुआ ,करकेंद , पुटकी, झरिया ,भागा इत्यादि के लोग सीधे अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज करा सकेंगे. मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रभात सुरोलिया को आश्वस्त किया है कि जितना जल्द से जल्द होगा, काम कराने की कोशिश की जाएगी.  देखना होगा झारखंड सरकार की नजरें कब धनबाद की ओर घूमती है और धनबाद में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सरकारी स्तर पर शुरू हो पाता है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news